फ्रांस के पोमास गांव में तूफान से भारी तबाही
39 लोग घायल, 300 मकानों को नुकसान
पेरिस। फ्रांस के दक्षिण.पश्चिम में मौजूद पोमास गांव में आये शक्तिशाली चक्रवाती तूफान से कम से कम 39 लोग घायल हो गये और करीब 300 मकानों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि दो की हालत गंभीर है।
कारकासोन के दक्षिण में स्थित पोमास में सोमवार को आये चक्रवाती तूफान के दौरान हवाओं की गति 117 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गयी। तेज हवाओं ने मकानों की छतें उड़ा दीं और बड़ी संख्या में घरों को नुकसान पहुंचाया। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 120 से अधिक आपातकालीन कर्मियों को तैनात किया गया है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि चक्रवाती तूफान के दौरान उनका घर ढह गया और उनकी गर्भवती पत्नी घायल हो गई। एक अन्य निवासी पियरे ने कहा कि गांव का करीब आधा हिस्सा तबाह हो गया है। उन्होंने चक्रवाती तूफान को बहुत बड़ी लाल और पीली चिमनी की तरह घूमता हुआ बताया।पियरे के अनुसार, गांव का एक ऐतिहासिक किला भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि किले का करीब एक.तिहाई हिस्सा ढह गया जबकि इसकी पत्थर की संरचना करीब 1,000 वर्ष पुरानी थी।
स्थानीय उप.प्रशासक इमैनुएल प्लांटियर.लेमारशां ने बताया कि उन्हें किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी नहीं है। उन्होंने पहले बताये गये 41 घायलों के आंकड़े को संशोधित कर 39 कर दिया और कहा कि इनमें से 15 लोगों का अस्पताल में उपचार किया गया है। फ्रांस के मौसम विभाग मेटेओ.फ्रांस के अनुसार, देश में हर वर्ष औसतन कई दर्जन चक्रवाती तूफान आते हैं। दक्षिण.पश्चिमी फ्रांस के बड़े हिस्से में तूफान को लेकर पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। यह घटना ऐसे समय हुई है जब यूरोप इस गर्मी में असाधारण गर्मी और जंगलों में लगी भीषण आग से जूझ रहा है। फ्रांस का दक्षिण.पश्चिमी क्षेत्र भी इससे बुरी तरह प्रभावित रहा है जहां करीब 42,000 हेक्टेयर क्षेत्र में आग लगी थी।
