नॉर्थ दिल्ली ने ईस्ट को तीन विकेट से हराया

नई दिल्ली। मंगलवार को दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के महिला टूर्नामेंट में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स महिला टीम ने संयम के साथ खेलते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स महिला टीम को तीन विकेट से हरा दिया। 141 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने 19.5 ओवर में 141/7 रन बनाए और एक गेंद बाकी रहते रोमांचक जीत हासिल की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 20 ओवर में 140/7 रन बनाए जिसमें वंशिका लीला और सिमरन बहादुर ने मुख्य भूमिका निभाई। लीला ने 20 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल थे जबकि बहादुर 37 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रहीं जिसमें उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया।
प्रज्ञा रावत ने 20 गेंदों में 23 रन बनाए जबकि पूर्वा सिवाच ने 21 रन का अहम योगदान दिया। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स के लिए नजमा सबसे सफल गेंदबाज रहीं जिन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि शिवानी जांगिड़ ने दो विकेट चटकाए। नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की शुरुआत लड़खड़ा गई और टीम का स्कोर 25/3 हो गया, लेकिन शिवी शर्मा ने 37 गेंदों में 34 रन की संयमित पारी खेलकर टीम को संभाला। इसके बाद नजमा ने 21 गेंदों में 34 रन की आक्रामक पारी खेलकर टीम की रन गति बढ़ाई। उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया।
मैच के रोमांचक मोड़ पर समायरा राघव ने जिम्मेदारी संभाली और 21 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई, उनकी पारी में दो चौके और दो छक्के शामिल थे। उनकी तेज बल्लेबाजी ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को जरूरी रन.रेट से आगे बनाए रखा। रेशिका बेनीवाल ने 12 गेंदों में 14 रन बनाएए जिसके बाद रिया शोकीन ने सिर्फ छह गेंदों में 11 महत्वपूर्ण रन जोड़े।
आखिरी ओवर में शोकीन के आउट होने पर नॉर्थ दिल्ली को छह रन की जरूरत थी लेकिन समायरा और प्रिया मिश्रा ने एक गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। ईस्ट दिल्ली राइडर्स के लिए सिमरन बहादुर और तमन्ना सिंह ने दो-दो विकेट लिएए जबकि भारती रावल और पूर्वा सिवाच ने एक-एक विकेट लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.