फिर गरीबों को राशन मुहैया करवाएगी मोदी सरकार
नई दिल्ली। कोरोना संकट की मार झेल रहे गरीब और मजदूर वर्ग लोगों के लिए सरकार ने बड़ी घोषणा की है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत केंद्र सरकार गरीबों को मई और जून 2021 के महीने में मुफ्त में राशन मुहैया करवाएगी। इस योजना के तहत दो महीनों में प्रति व्यक्ति पांच किलो राशन दिया जाएगा। मुफ्त में राशन मिलने से तकरीबन 80 करोड़ लोगों को फायदा मिलेगा।
विदित हो कि सरकार ने पिछले साल भी कोरोना की लड़ाई से निपटने के दौरान गरीबों को मुफ्त में राशन मुहैया करवाया था। केंद्र सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार गरीबों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कमिटमेंट को देखते हुए भारत सरकार ने 80 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त में राशन सामग्री मुहैया कराने का फैसला लिया है। इसी तरह से पिछले साल भी पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत राशन मुहैया करवाया गया था। सरकार ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने जोर देकर कहा है कि जिस समय देश कोरोना वायरस की दूसरी लहर का सामना कर रहा है उस समय महत्वपूर्ण है कि गरीबों को पोषण मिल सके। केंद्र सरकार इस योजना के तहत तकरीबन 26 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। महामारी के इस समय में गरीबों को भोजन की समस्या से दो-चार न होना पड़े इसके लिए केंद्र सरकार ने अहम कदम उठाया है।
जानकारों का मानना है कि महामारी के खिलाफ लड़ाई और लॉकडाउन के दौरान किसानों, खेतिहर मजदूरों और गरीबों के लिए सरकार की दो बड़ी योजनाएं वरदान साबित हुई हैं। पहली गरीबों के लिए आर्थिक मदद की और दूसरी मुफ्त राशन योजना। इनसे किसानों और खेतिहर मजदूरों के बैंक खाते में नगदी पहुंची साथ ही गरीबों की रसोई तक मुफ्त का राशन पहुंचाया गया। यही नहीं मनरेगा के जरिए भी मजदूर वर्ग को राहत दी गई।
