भारत समेत छह देशों पर अतिरिक्त टैरिफ प्रस्ताव टाला
वाशिंगटन। अमेरिका ने भारत समेत छह देशों की ओर से इक्वलाइजेशन लेवीध्डिजिटल सर्विसेज टैक्स के कदम के बदले अतिरिक्त टैरिफ लगाने का फैसला निलंबित कर दिया है। बुधवार को ही अमेरिका ने टैरिफ लागू करने की बात कही थी। भारत, आस्ट्रिया, इटली, स्पेन, तुर्की और ब्रिटेन ने ई.कामर्स कंपनियों पर डिजिटल सर्विसेज टैक्स लगाया है। यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रजेंटेटिव कैथरीन टाई ने इस संबंध में जानकारी दी।
यूएसटीआर की ओर से बयान में कहा गया कि इस संबंध में जांच के बाद इन देशों से आने वाली कुछ वस्तुओं पर अतिरिक्त टैरिफ का फैसला लिया गया। हालांक इसे 180 दिन निलंबित किया गया है जिससे ओईसीडी और जी20 में अंतरराष्ट्रीय कराधान को लेकर चल रही बहुपक्षीय चर्चा को पूरा करने के लिए समय मिल सके। डिजिटल सर्विसेज टैक्स लगाने के मामले में यूएसटीआर ने पिछले साल मार्च में सख्त कदम उठाने की सिफारिश की थी। इसमें भारत से खरीदी जाने वाली वस्तुओं पर 25 फीसद तक टैरिफ लगाने की सिफारिश थी। कैथरीन ने कहा कि अमेरिका डिजिटल सर्विसेज टैक्स पर अपनी चिंताओं समेत अंतरराष्ट्रीय कराधान से संबंधित मुद्दों को लेकर एक बहुपक्षीय समाधान तलाशने पर फोकस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका ओईसीडी और जी20 की प्रक्रियाओं के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय टैक्स के मुद्दों पर आम सहमति तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है। अतिरिक्त टैरिफ निलंबित करने के फैसले से बातचीत के लिए समय मिलेगा। दो जून 2020 को यूएसटीआर ने डिजिटल सर्विसेज टैक्स को लेकर जांच शुरू की थी। इस साल जनवरी में जांच के बाद यूएसटीआर ने कहा था कि इन देशों की ओर से उठाया गया कदम अमेरिका से भेदभाव करने वाला है और अंतरराष्ट्रीय कराधान के सिद्धांतों के खिलाफ है।
