इमरान खान का बड़ा ऐलान
23 दिसंबर को भंग होंगी दो प्रांतों की विधानसभा
इस्लामाबाद। देश की शहबाज सरकार के खिलाफ इस्लामाबाद तक लॉन्ग मार्च का नेतृत्व कर रहे पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने शनिवार को ऐलान किया कि 23 दिसंबर को देश की दो विधानसभा भंग होंगी। इसी साल अपदस्थ किए जाने के बाद से पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ प्रमुख चुनाव की तारीखों का ऐलान करने की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में वह पीटीआई के नेतृत्व वाली विधानसभाओं को भंग करने की धमकी केंद्र सरकार को देते रहे हैं। आज उन्होंने तारीख का भी ऐलान कर दिया।
लाहौर में रैली को संबोधित करते हुए इमरान खान ने कहा कि 23 दिसंबर को पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की विधानसभा भंग होंगी। उधर, पाकिस्तानी मीडिया ने अपनी रिपोर्ट्स में बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा की विधानसभा को भंग करने के अपने फैसले पर इमरान खान को समर्थन देने की पेशकश की है। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए- इंसाफ (पीटीआई) और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कायदे (पीएमएल.क्यू) के नेताओं ने विधानसभाओं को भंग करने की तैयारी के लिए एक बैठक की। इस बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री के बेटे मनिस इलाही भी शामिल हुए। इमरान द्वारा विधानसभा को भंग करने की तारीख की घोषणा से कुछ घंटे पहले इलाही ने एक ट्वीट में कहा मैं इमरान खान के हर फैसले का समर्थन करूंगा। पंजाब विधानसभा इमरान खान का भरोसा है जो उन्हें वापस कर दिया गय है। इमरान खान ने पाकिस्तान की विपक्ष की राजनीति पर ध्यान केंद्रित किया है। अफवाह फैलाने वाले अब भी पहले की तरह नाकाम होंगे।
