ईरानी, वावसोरी फिर बने यूएस ओपन मिश्रित युगल चैंपियन
न्यूयॉर्क। सारा ईरानी और एंड्रिया वावसोरी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए इगा स्वियाटेक और कैस्पर रूड की जोड़ी को हराकर यूएस ओपन मिश्रित युगल का अपना खिताब बरकरार रखा। इटली की सारा ईरानी और एंड्रिया वावसोरी की जोड़ी ने बुधवार रात को मिश्रित युगल मुकाबले के फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त पोलैंड की इगा स्वियाटेक और नॉर्वे के कैस्पर रूड को 6-3, 5-7, 10-6 से हराया।
इससे पहले स्वियाटेक और रूड की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पहले सेमीफाइनल में टाईब्रेकर में शीर्ष वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला और जैक ड्रैपर को 3-5, 5-3, 10-8 से हराया। इसके बाद दूसरे सेमीफाइनल में इरानी और वावसोरी ने डेनियल कोलिन्स और क्रिश्चियन हैरिसन को 4-2, 4.2 से पराजित किया। ईरानी और वावसोरी उन कई खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने पहले इस नए प्रारूप की आलोचना की थी लेकिन चैंपियन बनने के बाद उनके चेहरे पर मुस्कान थी और उन्होंने दर्शकों का भी आभार व्यक्त किया।
