तेज प्रताप ने बहन रोहिणी के समर्थन में भरी हुंकार
पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी डॉ रोहिणी आचार्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद संजय यादव के बीच चल रहे विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण में अब लालू परिवार के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव खुलकर अपनी बहन के पक्ष में उतर आए हैं। उन्होंने रोहिणी की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट को पूरी तरह सही ठहराते हुये बहन के अपमान पर सुदर्शन चक्र चलाने तक की चेतावनी दे डाली है।
तेज प्रताप यादव ने कहा है कि रोहिणी हमारी बड़ी बहन हैं। हम उनके गोद में खेले हैं। उन्होंने जो भी बात कही है वह पूरी तरह सही है। एक महिला, एक मां और एक बहन के नाते उन्होंने जो किया है वह सराहनीय और प्रेरणादायक है। शायद ही कोई मां या बेटी ऐसी कुर्बानी दे पाए। वो पूजनीय हैं और जब तक इतिहास रहेगा उनका नाम सम्मान से लिया जाएगा। हमारी बहन का जो अपमान करेगा उस पर सुदर्शन चक्र चलेगा।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में रोहिणी आचार्य ने एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया थाए जिसमें वे अपने पिता लालू प्रसाद यादव को किडनी डोनेट करने के लिए ऑपरेशन थियेटर की ओर जाती हुई दिख रही हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा था कि जो जान हथेली पर रखकर बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने का जज्बा रखते हैं, बेखौफी. बेबाकी. खुद्दारी तो उनके लहू में बहती है। इस वीडियो के कुछ घंटे बाद उन्होंने एक और पोस्ट में लिखा किए मैंने एक बेटी और बहन के तौर पर अपना कर्तव्य और धर्म निभाया है और आगे भी निभाती रहूंगी। मुझे किसी पद की लालसा नहीं है, न ही कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा है। मेरे लिए मेरा आत्मसम्मान सर्वोपरि है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद ऐसा अंदेशा है कि लालू प्रसाद यादव के परिवार के भीतर मतभेद गहराते जा रहे हैं और बहन रोहिणी आचार्य को लेकर तेज प्रताप यादव का खुला समर्थन इस प्रकरण को और भी संवेदनशील बना सकता है।
