बिहार में अगली सरकार एनडीए की होगी : अश्विनी चौबे
भागलपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि बिहार में अगली सरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बननी तय है और इसे कोई भी ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने विकसित बिहार बनाने का संकल्प ले लिया है।
भागलपुर में राजग के विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी को प्रदेश के विकास की गारंटी बताया। उन्होंने कहा कि बिहार अब जंगलराज नहीं, विकास चाहता है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुये कहा कि बिहार की जनता युवराजों के झांसे में नहीं आने वाली और एक बार फिर राजग सरकार बनाएगी। सम्मेलन में जदयू नेत्री कहकशां परवीन ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये राजग सरकार की योजनाओं को सराहा। अन्य वक्ताओं में विधायक पवन यादव, विधान पार्षद डॉ एन के यादव, भाजपा नेता दिलीप मिश्रा, संतोष कुमार, शास्वत चौबे और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता अमर कुमार शामिल थे।
