बिहार के बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग

पटना। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य में आई भीषण बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने तथा तत्काल पांच हजार करोड़ रुपये का विशेष बाढ़ राहत पैकेज देने की मांग की है। श्री यादव ने पत्र में कहा है कि बिहार के 20 जिले इस समय बाढ़जनित आपदा की चपेट में हैं और लाखों लोग संकट में हैं। नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि तथा बाढ़ के फैलाव के कारण सार्वजनिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है और हजारों करोड़ रुपये की जान.माल की क्षति हुई है। उन्होने कहा कि प्रदेश की बड़ी आबादी भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवा, बिजली, पशुचारा और सुरक्षित आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही बाढ़ राहत एवं बचाव व्यवस्था जरूरत के मुकाबले बहुत कम है। उन्होंने कहा कि विनाशकारी बाढ़ ने लाखों लोगों का जीवन प्रभावित किया है, लेकिन बिहार सरकार तथा राज्य से निर्वाचित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के केंद्रीय मंत्री और सांसद केंद्र से पर्याप्त सहायता प्राप्त करने में विफल रहे हैं। श्री यादव ने कहा कि बाढ़ की स्थिति केवल प्राकृतिक आपदा का परिणाम नहीं है, बल्कि आपदा प्रबंधन के तहत प्रतिक्रिया, जोखिम न्यूनीकरण और अनुकूलन की दिशा में वर्षों से चली आ रही कमियों का भी परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बाढ़ आने के बावजूद इसके स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं किया गया है। नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार पर आपदा राहत के लिए उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के समुचित उपयोग में उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की आकस्मिक निधि और अन्य वित्तीय संसाधनों का इस्तेमाल नियमित सरकारी खर्चों में होने से आपदा के समय राहत कार्यों के लिए धन की कमी की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.