शाइना मणिमुथु और दीक्षा सुधाकर क्वार्टर फाइनल में
चेंगदू। भारत की लड़कियों ने बैडमिंटन एशिया अंडर.17 और अंडर.15 चैंपियनशिप के दूसरे दिन भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा। शीर्ष वरीयता प्राप्त शाइना मणिमुथु और छठी वरीयता प्राप्त दीक्षा सुधाकर ने चेंगदू में प्रभावशाली जीत के साथ अंडर.15 बालिका एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
शाइना ने अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए चीन की ली मान लिन को शुरू से अंत तक शानदार नियंत्रण के साथ 21-17, 21-16 से हराया। अंडर.17 वर्ग में दीक्षा ने संयम का परिचय देते हुए चीनी ताइपे की पिन ह्सुआन चियांग को 21-19, 21-15 से हराकर अंतिम आठ में जगह पक्की की। अन्य उल्लेखनीय परिणामों में लक्ष्य राजेश ने अंडर.17 बालिका एकल मुकाबले में कोरिया की ली युन सियो को 21-16, 21-11 से हराकर शानदार जीत हासिल की, जबकि अंडर.17 बालिका युगल जोड़ी अदिति दीपक राज और पोन्नम्मा बीवी वृद्धि ने कोरिया की ली युन सियोध्पार्क यू जियोंग को 17-21, 21-15, 21-17 से हराकर जीत हासिल की। बालक युगल में, चरण राम थिप्पाना और हरि कृष्ण वीरमरेड्डी ने जापान के कोसुके शिनोहाराध्हिरोतो नाकात्सुका को 21-14, 21-8 से हराया और जगशेर सिंह खंगुरा ने एकल मुकाबले में मलेशिया के विंसन चोह को 21-12, 21-17 से आसानी से हराया। अंडर.15 बालक एकल वर्ग में वज़ीर सिंह इंडोनेशिया के सातवें वरीय रेवन एड्रिलियो सपुत्रा से 19-21, 22-20, 22-24 से हारकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। भारत ने 2024 में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता था, और 2023 में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था दोनों ही संस्करण चेंगदू में आयोजित किए गए थे। इस बार 36 सदस्यीय टीम दो आयु वर्गों में रजत पदक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही है।
