कई प्रतिभाओं के धनी थे भूपेन हजारिका
बॉलीवुड के गायक भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 को असम के तिनसुकिया जिले में हुआ था। भूपेन हजारिका असम के एक गीतकार, संगीतकार, फिल्ममेकर और गायक थे। वह असमिया भाषा के लेखक और असम संगीत के अच्छे जानकार थे। हजारिका को संगीत विरासत में मिला था। उनकी मां गायिका थीं। भूपेन हजारिका ने 10 साल की उम्र में अपना पहला गाना लिखा था और उसे गाया था। उन्होंने बारह वर्ष की आयु में असमिया भाषा की फिल्म “इंद्रमालती” में काम किया।
भूपेन हजारिका ने अपने आपको सिर्फ असम तक ही सीमित नहीं रखा। वह इससे बाहर निकले और हिंदी पट्टी में छा गए। उन्होंने हिंदी में “दिल हूम-हूम करे” गाना गाया। इस गाने ने लोगों के दिल को छुआ। उन्होंने “ओ गंगा तू बहती है क्यों” गाना गाया। जिसने भी यह गाना सुना उसके दिल पर हजारिका का जादू चला। अपनी मातृ भाषा असमिया के अलावा हजारिका ने हिंदी, बंगला समेत कई दूसरी भाषाओं में भी गाना गाया। उन्होंने फिल्म “गांधी टू हिटलर” में भजन “वैष्णव जन” गाया था।
बताया जाता है कि अभिनेत्री कल्पना लाजमी भूपेन हजारिका के संगीत को हिंदी फिल्मों में लाईं। कल्पना ने फिल्म “एक पल” (1986) और “रूदाली” (1993) का निर्देशन किया और इसमें हजारिका को गाने का मौका दिया। भूपेन हजारिका कई प्रतिभाओं के धनी थे। कई बार वह अपने गाने खुद लिखते थे और उन्हें गाते थे। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था मैं खुद ही गीत लिखता था, खुद ही धुन तैयार करता था, खुद ही गाता था। इसलिए अपने गीत की शैली के बारे में खुद ही कोई राय नहीं दे सकता। मैंने कई गीत फिल्मों या नाटकों के किरदारों को ध्यान में रख कर लिखे थे।भूपेन हजारिका ने साल 1950 के दशक में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली प्रियंवदा पटेल से शादी की थी। दोनों से एक बेटा हुआ जिसका नाम तेज था। शादी के बाद भूपेन हजारिका को अपना करियर बनाने में वक्त लग गया। ऐसे में उनकी पत्नी उन्हें संघर्ष के दिनों में छोड़कर अमेरिका लौट गईं। हालांकि भूपेन हजारिका ने इस दौरान अपने करियर पर ध्यान दिया और आगे बढ़ते गए।
