नेपाल : भारतीय दूतावास ने जारी किये आपातकालीन नम्बर
नई दिल्ली। नेपाल में भारतीय दूतावास ने वहां अचानक आयी बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता और उनके बारे में जानकारी हासिल करने के लिए आपातकालीन नंबर जारी किये हैं। दूतावास ने कहा है कि बाढ के कारण फंसे भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी के लिए 977 985 131 6807 और 977 970 910 7500 नम्बरों पर संपर्क किया जा सकता है।
इन दोनों नम्बरों पर व्हाट्सऐप के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है। इस बीच दूतावास अचानक आयी बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों के शीघ्र बचाव और राहत के लिए नेपाल सरकार के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। नेपाल सरकार के समन्वय में बचाव और राहत प्रयासों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से फोन पर बात कर हर संभव मानवीय सहायता का आश्वासन दिया है। नेपाल में तिब्बत सीमा के पास बुधवार को अचानक आयी बाढ़ की चपेट में आने से कम से कम 162 लोगों की मौत हो गयी है जबकि 400 लोग लापता बताये जा रहे हैं। इस आपदा से उसकी सीमा से सटे भारत के राज्य बिहार में भी बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।
