भोजपुरी फिल्म “नाग रानी का त्याग” का ट्रेलर रिलीज

मुंबई। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री ऋचा दीक्षित और अभिनेता आशीष सिंह अभिनीत फिल्म “नाग रानी का त्याग” का ट्रेलर वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज कर दिया गया है। विष्णु शंकर बेलू के निर्देशन में बनी इस फिल्म में फैंटेसी, भक्ति, पारिवारिक रिश्तों और एक्शन का मेल देखने को मिलेगा। ट्रेलर में ऋचा दीक्षित नाग रानी के किरदार में नजर आ रही हैं। उनके किरदार के संघर्ष, भावनात्मक परिस्थितियों और परिवार के लिए किए गए त्याग को प्रमुखता से दिखाया गया है। वहीं, आशीष सिंह का किरदार भी कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नागलोक से जुड़े रहस्य और पारिवारिक टकराव ट्रेलर में रोमांच पैदा करते हैं।
फिल्म की कहानी धार्मिक आस्था, नागलोक के रहस्य, भक्ति, त्याग और पारिवारिक रिश्तों के इर्द-गिर्द बुनी गई है। ट्रेलर में नाग रानी के संघर्ष के साथ रहस्य और एक्शन को भी जगह दी गई है। फिल्म में आधुनिक तकनीक और वीएफएक्स का इस्तेमाल किया गया है।
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स लिमिटेड के बैनर तले रत्नाकर कुमार प्रस्तुत इस फिल्म की निर्माता निवेदिता कुमार और सह.निर्माता रत्नाकर कुमार हैं। फिल्म के लेखक सुरेंद्र मिश्रा और विवेक मिश्रा हैं। डीओपी हरेश सावंत, संगीतकार साजन मिश्रा, गीतकार दुर्गेश भट्ट, कोरियोग्राफर गोल्डी जायसवाल और एक्शन मास्टर हीरा लाल यादव हैं।
फिल्म में ऋचा दीक्षित और आशीष सिंह के अलावा विष्णु शंकर बेलू, त्रिपुरारी यादव, देवेंद्र पाठक, पारितोष कुमार, परी सिंघानिया, रितु पांडेय, रीमा सिंह, रानी शर्मा और संजीव मिश्रा समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म के प्रस्तुतकर्ता रत्नाकर कुमार ने कहा कि नाग रानी का त्याग पौराणिक और भक्ति से जुड़ी कहानी को आधुनिक तकनीक, वीएफएक्स और पारिवारिक ड्रामा के साथ पेश करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म दर्शकों को नया मनोरंजन अनुभव देगी। ऋचा दीक्षित ने कहा कि नाग रानी का किरदार उनके करियर के खास और चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक है। उन्होंने कहा कि इस भूमिका के लिए उन्होंने विशेष तैयारी की और उम्मीद है कि दर्शक फिल्म को अपना प्यार और आशीर्वाद देंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.