नोएडा, ग्रेटर नोएडा में भी नाइट कर्फ्यू का ऐलान

नोएडा। दिल्ली के बाद अब गाजियाबाद और नोएडा, ग्रेटर नोएडा में भी नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान हो चुका है। गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिलों में दिल्ली की तरह ही रात्रि कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। इस संबंध में गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बृहस्पतिवार दोपहर में स्वास्थ्य व जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर रात्रि कर्फ्यू लगाने को लेकर फैसला लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक नोएडा, ग्रेटर नोएडा में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लगाया जाएगा। यह नाइट कर्फ्यू 17 अप्रैल की सुबह तक प्रभावी रहेगा। उधर जिला सूचना अधिकारी के मुताबिक गाजियाबाद जिले में कोविड.19 संक्रमण को लेकर जिला प्रशासन का कड़ा रुख रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने 17 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। इसके तहत रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक गाजियाबाद में नाइट कर्फ्यू प्रभावी रहेगा। इसके साथ ही जिले में सभी शिक्षण संस्थाए, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर को आगामी 17 अप्रैल तक बंद करने के आदेश हैं।
वहीं, जिन शिक्षण संस्थानों में परीक्षा अथवा प्रैक्टिकल चल रहे हैं वह यथावत परीक्षा के दिन खुलेंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोरोना संक्रमण की दृष्टि से संवेदनशील 13 जिलों में संक्रमण की रोकथाम के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने निर्देश दिए थे कि जिन जिलों में प्रतिदिन मिलने वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 100 पार हैं वहां माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश के संबंध में जिलाधिकारी स्थानीय स्थिति के अनुरूप निर्णय लें। ऐसे जिलों में रात्रि में आवागमन नियंत्रित रखने के संबंध में भी समुचित निर्णय लिया जा रहा है लेकिन किसी भी परिस्थिति में आवश्यक सामग्री जैसे दवाए, खाद्यान्न आदि के आवागमन को बाधित न किया जाए।
