देश में रेमडेसिविर दवा की कोई कमी नहीं : केंद्र

नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा कि फिलहाल देश में रेमडेसिविर दवा की कोई कमी नहीं है । केंद्र सरकार ने कहा कि हम डॉक्टरों से अस्पतालों में भर्ती कोविड.19 के मरीजों के उपचार में तार्किक तरीके से रेमडेसिविर दवा के इस्तेमाल करने की अपील करते हैं। रेमडेसिविर केवल अस्पताल में भर्ती ऑक्सीजन पर आश्रित मरीजों के लिए है। घर पर इलाज में इसका इस्तेमाल नहीं होगा, ना ही दवा दुकानों से इसकी खरीदारी होगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामले चिंता का विषय है। नये मामलों में पिछले रिकॉर्ड कब के टूट चुके हैं। यह अलग बात है कि मौतों का आंकड़ा अभी भी पिछले सर्वोच्च आंकड़ों से कम है। पिछले सर्वोच्च आंकड़े एक दिन में 1,114 मौतों के थे और वर्तमान में 879 लोगों की मौत की सूचना है। देश में कुल मामलों के 89.51 फीसदी लोग ठीक हो चुके हैं। 1. 25 फीसदी मरीजों की मौत हो चुकी है और एक्टिव मामले 9.24 फीसदी हैं।
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि सोमवार सुबह 8 बजे तक देश भर में 10.85 करोड़ से अधिक वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है जबकि पिछले 24 घंटों में 40 लाख से अधिक खुराक दी गयी है। अब तक हमने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को वैक्सीन की 13,10,90,000 खुराकें दी हैं। इसमें बेकार हो गयी खुराकों समेत कुल 11.43 करोड़ खुराकों का इस्तेमाल हुआ है।
