देश में कोरोना का कहर जारी

24 घंटे में 2 लाख नए मामले, 1038 की मौत


नई दिल्ली। कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने सरकार के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। महाराष्ट्र,  उत्तर प्रदेश,  छत्तीसगढ़,  कर्नाटक और केरल समेत 16 राज्यों में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इनमें से भी अकेले महाराष्ट्र में ही सबसे अधिक एक्टिव केस हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 2 लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 1, 038 लोगों की मौत हुई है और मृतकों की संख्या 1, 73, 123 हो गई है। पिछले साल 18 अक्टूबर के बाद पहली बार एक दिन में एक हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी। हालांकि मृत्युदर में लगातार गिरावट आ रही है और मौजूदा समय में यह 1. 24 फीसद पर आ गई है। देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 40 लाख 74 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ 24 लाख 29 हजार से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। मरीजों के उबरने की दर 88. 92 फीसद पर आ गई है। मंत्रालय के मुताबिक 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में हालात ज्यादा गंभीर हैं। पिछले एक दिन में सामने आए नए मामलों में से 82: 04 फीसद इन्हीं राज्यों से हैं। इनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश,  छत्तीसगढ़, कर्नाटक और केरल शामिल हैं। वैसे इन राज्यों समेत कुल 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक देश भर में कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए बुधवार को 13 लाख 84 हजार 549 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अबतक कुल 26 करोड़ 20 लाख 3 हजार से अधिक नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.