दिल्ली में एक सप्ताह के लिए लगा लॉकडाउन
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में हो रही भयावह बढ़ोतरी को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने राजधानी में 6 दिनों का लॉकडाउन का ऐलान किया है। यह लॉकडाउन आज (सोमवार 19 अप्रील की ) रात से 26 अप्रैल की सुबह तक रहेगा। दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दर 30 फीसदी तक पहुंच गई है। रविवार को राजधानी में 25,462 नए संक्रमित मिले जिसकों देखते हुए सीएम केजरीवाल ने इस लॉकडाउन का ऐलान किया है।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने यह फैसला सोमवार सुबह उपराज्यपाल अनिल बैजल से मीटिंग के बाद लिया है। सीएम ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि आज रात को 10 बजे से अगले सोमवार को सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए दिल्ली में लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इस दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी।मेडिकल व्यवस्थाओं की, खाने-पीने की सेवाएं जारी रहेंगी। शादियां भी होंगी, पर 50 लोगों के साथ उसके लिए अलग से पास दिए जाएंगे।
लॉकडाउन के दौरान बेवजह दिल्ली में बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी। सिर्फ जरूरी क्षेत्र से जुड़े लोग बाहर आ पाएंगे। सभी प्राइवेट ऑफिस को वर्क फ्रॉम होम ही करना होगा। सरकारी दफ्तर में आधे ही अफसर आ सकेंगे। वैक्सीन लगवाने जाने वाले लोगों को लॉकडाउन में छूट मिलेगी। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टेशन जाने वाले लोगों को भी छूट मिलती रहेगी। उन्हें अपना वैलिड टिकट अपने साथ रखना होगा। मेट्रो, बस सर्विस चालू रहेंगी लेकिन 50% यात्रियों को इजाजत मिलेगी। बैंक, एटीएम और पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। धार्मिक स्थलों को खुला रखा जाएगा लेकिन किसी विजिटर के जाने की इजाजत नहीं होगी। जरूरी क्षेत्र से जुड़े लोगों को आईडी कार्ड दिखाने पर ही बाहर सफर करने दिया जाएगा। एक राज्य से दूसरे राज्य में जाने वाले सार्वजनिक परिवहन जारी रहेंगे। किसी भी सार्वजनिक, राजनीतिक, धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन पर पाबंदी रहेगी। किसी स्टेडियम में कोई मैच या आयोजन बिना दर्शकों के किया जाएगा। सभी थियेटर्स, ऑडिटोरियम, स्पा, जिम, स्वीमिंग पूल बंद रहेंगे।
