बंगाल की जनता ने तय कर लिया है परिवर्तन : नड्डा

बंगाल की जनता ने तय कर लिया है परिवर्तन : नड्डा
बंगाल में ममता सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए बेताब भाजपा की प्रदेश इकाई ने विधानसभा चुनाव से पहले परिवर्तन यात्रा‘ शुरू की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नदिया जिले के नवद्वीप से शनिवार शाम इस परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परिवर्तन यात्रा को लेकर यहां भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले नड्डा ने नवद्वीप में एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए ःपरिवर्तन की हुंकार भरीं। और कहा कि बंगाल की जनता ने यहां परिवर्तन तय कर लिया है।
विदित हो कि इससे पहले नड्डा ने मालदा जिले में रोड शो करने के साथ वहां 3,000 से ज्यादा किसानों के साथ सामूहिक भोज में भी हिस्सा लिया। बता दें कि इसका नाम भले ही परिवर्तन यात्रा रखा गया है लेकिन यह वास्तव में रथ यात्रा ही है। इससे पहले रथ यात्रा को अनुमति देने को लेकर भाजपा व तृणमूल सरकार आमने-सामने आ गईं। राज्य सरकार ने इसकी अनुमति देने में काफी आनाकानी की। कलकत्ता हाई कोर्ट में भी इसके खिलाफ पीआइएल दायर हो चुकी है, जिसपर नौ फरवरी को सुनवाई होनी है।
दरअसल, नवद्वीप को लेकर अगले कुछ दिनों में बंगाल से कुल पांच जगहों से परिवर्तन यात्रा शुरू होनी है जो राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। सबसे पहले जनसभा के दौरान नड्डा ने कहा कि ममता दीदी ने परिवर्तन का नारा देकर और मां, माटी, मानुष की शपथ लेकर 2011 में सत्ता में आई थी लेकिन, पिछले 10 सालों में उन्होंने सिर्फ धोखा दिया। मां को लूट लिया गया, माटी का अनादर किया गया और मानुष की रक्षा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि 10 वर्षों तक बंगाल को सिर्फ लूटा गया। नड्डा ने कहा कि बंगाल में मां, माटी व मानुष की जगह टोलाबाजी, तुष्टीकरण और तानाशाही ने लिया है इसलिए भाजपा ने तय किया है कि परिवर्तन यात्रा के माध्यम से हम बंगाल की जनता को जगाएंगे। उनको तृणमूल सरकार के कारनामे बताएंगे। साथ ही मोदी सरकार की योजनाओं से भी अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि बंगाल की जनता जाग चुकी है।बंगाल की संस्कृति को ममता बनर्जी नहीं संभाल सकतीं। तृणमूल सरकार ने यहां की संस्कृति व अस्मिता पर आघात पहुंचाया है। इसकी रक्षा सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में बंगाल में परिवर्तन का समय आ गया है। यहां भी सुशासन आएगा।
