सोना सस्ता, चांदी की चमक फीकी
अगर आप सोना में निवेश करना चाहते हैं तो इसके लिए यह समय बहुत ही बेहतर है। इसका कारण यह है कि इस साल के सावन में सोना सस्ता हो गया है। इसके साथ ही चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। इंडियन बुलियन ज्वेलरी एसोसिएशन के अनुसार मंगलवार को बहुमूल्य धातु सोना में करीब 252 रुपये की गिरावट दर्ज की गई। सर्राफा बाजार में सोना 47697 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, हालांकि इसके पहले सोमवार को यह 47949 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था।
अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो मंगलवार को सोने की कीमतों में सीमित दायरे में कारोबार हुआ और न्यू यॉर्क में 1,800 डॉलर प्रति औंस के स्तर से नीचे रहा। इस हफ्ते फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले निवेशक सतर्क हैं। हाजिर सोना 1,797ण,71 डॉलर प्रति औंस पर सपाट था। अमेरिकी सोना वायदा 0.1 फीसदी की गिरावट के साथ 1,797,70 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं अगर चांदी की बात करें तो सर्राफा बाजार में मंगलवार को यह 344 रुपये की गिरावट के साथ 67211 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई। हालांकि सोमवार को चांदी 67555 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई थी।
बता दें कि भारत में सोने-चांदी के कारोबार पर वैश्विक बाजारों के रुख का काफी प्रभाव पड़ता है। इनकी कीमतें बहुत हद तक अंतरराष्ट्रीय दामों पर निर्भर करती हैं और बाद की कीमतों को आधार बनाकर गणना की जाती है। दूसरे कारक जैसे डॉलर से रुपये की दरए वायदा कारोबार में सोने और चांदी की आपूर्ति और मांग भी इन कीमती धातुओं की कीमतों को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
