नकवी ने राहुल को लिया निशाने पर
नई दिल्ली। माक संसद चलाकर विरोध को नया आयाम देने में जुटे विपक्ष के रुख को भाजपा ने खर्चा रुपैया और चर्चा चवन्नी करार देते हुए केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा में पार्टी के उपनेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि विपक्ष में इस समय आधा दर्जन प्रधानमंत्री इन वेटिंग हैं इसलिए कांग्रेस चौधरी बनने की फिराक में समानांतर संसद की बात कर रही है। सच्चाई यह है कि एक दो दलों को छोड़ सभी दल कोरोना, किसान आदि मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस ने उनको दबाव में ला दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को 17 दलों की बैठक बुलाई है। जाहिर तौर से इसमें माक संसद पर चर्चा होगी। नकवी ने कहा कि कांग्रेस को कभी भी आम जनता की परवाह नहीं रही। उसे तो अपने परिवार की सूझती है। यही कारण है कि वह कोरोना, किसानों जैसे मुद्दे पर चर्चा को भूल गई है। वह सिर्फ विवाद खड़ा करना चाहती है। सच्चाई यह है कि कांग्रेस ही जासूसी की दुनिया की जेम्स बांड है। वह पहले जासूसी का जाल बिछाती थी और अब हंगामा खड़ा कर रही है। नकवी ने कहा कि दरअसल उसे चर्चा में कभी विश्वास ही नहीं रहा। संसद बाधित कर करोड़ों का नुकसान करवा रही है और चर्चा चवन्नी भर भी नहीं कर रही।
