यूपी मे फिर खिलने जा रहा कमल : योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा सीट के प्रत्याशी राजेश्वर सिंह के समर्थन में रोड शो किया। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि यह चुनाव 80 बनाम 20 का बन चुका है। उन्होंने कहा कि ये जोश और जुनून ये जनता का हुजूम बता रहा है। इस बार उत्तर प्रदेश में फिर से कमल खिलने जा रहा है। यह रोड शो शाम पांच बजे तेलीबाग स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर तेलीबाग में ही स्थित शनिदेव मंदिर पर खत्म हुआ।
मोदी लहर में पहली बार भाजपा के खाते में आई सरोजनीनगर विधानसभा को एक बार फिर भाजपा अपनी सीट बनाना चाहती है इसलिए इस बार इस सीट से पार्टी ने एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और ईडी के ज्वाइंट डायरेक्टर रहे राजेश्वर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। मुकाबले में समाजवादी पार्टी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे अभिषेक मिश्रा को मैदान में उतारा है।
दरअसलए साल 2002 और 2007 में लगातार दो बार बसपा के मोहम्मद इरशाद खान ने जीत दर्ज की थी। इस बार बसपा ने जलीस खान को तो कांग्रेस ने रुद्र दमन सिंह को टिकट दिया है। सरोजनीनगर सीट पर जातीय समीकरणों ने हर बार खेल बनाया और बिगाड़ा है। कहते हैं कि यहां ब्राह्मण वोटर निर्णायक भूमिका निभाते हैं। शायद यही वजह है कि बीजेपी के प्रति ब्राह्मणों की नाराजगी की खबरों के चलते सपा ने इस सीट से अभिषेक मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। ऐसा माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी यादव, मुस्लिम और ब्राह्मण जातियों को साध कर अपनी नैया पार कर सकती है। इसके साथ ही ठाकुर, मुस्लिम और दलित, यादव वोटर की संख्या भी सरोजनीनगर सीट पर ठीक ठाक है। कांग्रेस ने इस सीट से रुद्र दमन सिंह को उतारा है जो क्षेत्रीय होने के साथ ही ठाकुर वोट को अपने पाले में लाकर राजेश्वर सिंह को कड़ी चुनौती दे सकते है। हालांकि, बसपा ने इस सीट से मुस्लिम प्रत्याशी उतार कर मुस्लिम वोट पर सेंधमारी कर दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.