पीएम मोदी 12 को आएंगे देवघर
बाबा मंदिर में करेेंगे पूजा अर्चना
देवघर। 12 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देवघर आगमन को लेकर तैयारी तेज हो गयी है। एक ओर जहां विभिन्न चौक-चौराहों पर पीएम मोदी के स्वागत के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग्स सजने लगे हैं वहीं सभी सड़कों के सौंदर्यीकरण के काम में भी तेजी आ गयी है। एयरपोर्ट रोड में पांडे दुकान से लेकर कुंडा मोड़ तक लगभग दो किमी लंबी सड़क का काम महज 24 घंटे में ही पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर देवघर कॉलेज में सफाई और लेवलिंग का काम भी शुरू हो गया है।
मुख्य सचिव के देवघर विजिट के बाद प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारी में जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। बाबा मंदिर और देवघर कॉलेज रूट की जितनी भी सड़कें हैं सभी की मरम्मत और सौंदर्यीकरण का काम तेज कर दिया गया है। नगर आयुक्त ने विजिट कर नाली निर्माण एवं बाबा मंदिर तक पहुंचने वाले सभी रास्तों की मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश दिया है, दूसरी ओरए निगम की ओर से बाबा मंदिर जाने वाले सभी रूटों में खासकर जिधर से प्रधानमंत्री का काफिला गुजरेगा उस इलाके में अतिक्रमण हटाने को लेकर भी कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान एयरपोर्ट से बाबा मंदिर और देवघर कॉलेज तक की सभी रूट को सजाया जायेगा। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए और जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के सभी विंग पूरी तैयारी में जुट गये हैं। इसके लिए गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे खुद देवघर में कैंप किये हुए हैं।
बताया जाता है कि बाबा मंदिर में पूजा करनेवाले नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री होंगे। इसे देखते हुए मंदिर में जोर-शोर से तैयारी की जा रही है। पीएम के स्वागत में किसी तरह की कमी नहीं हो, इसका पूरा ध्यान मंदिर प्रशासन भी रखा जा रहा है। डीसी के निर्देश पर मंदिर मुख्य प्रबंधक ने पीएम के स्वागत से लेकर पूजा संपन्न कराने के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है। मंदिर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीएम के वीआइपी गेट से प्रशासनिक भवन में इंट्री होते ही उनका शंखनाद के साथ भव्य स्वागत किया जायेगा। इसके बाद पीएम सीधे बाबा मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करेंगे। वहां पर पीएम के पुश्तैनी पुरोहित के अलावा चार वैदिक पंडित तथा सरदार पंडा व चुनिंदा अधिकारी ही रहेंगे। बताया जा रहा है कि पीएम के मंदिर प्रवेश करने के बाद वे करीब 25 मिनट तक मंदिर में रहेंगे। इस दौरान पूजा के अलावा उनका स्वागत का कार्यक्रम भी होगा। पीएम को मंदिर की ओर से रेशमी धोती के अलावा मोमेंटो व रुद्राक्ष की माला भेंट की जायेगी। सभी तैयारियों की तय सूची को पीएमओ भेजा जायेगा, वहां से सहमति मिलने के बाद ही कार्यक्रम को अंतिम रूप से तय किया जायेगा।
