हमारे इतिहास का अभिन्न हिस्सा है खादी : मोदी

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। वे दोपहर करीब 2.30 बजे अहमदाबाद पहुंचे। अहमदाबाद से वे सीधे गांधीनगर स्थित राजभवन पहुंचे। इसके बाद साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित खादी उत्सव समारोह में शामिल हुए जहां उन्होंने 7500 खादी कारीगर महिलाओं के साथ चरखा भी चलाया। इस कार्यक्रम के बाद उन्होंने साबरमती नदी पर बने नए फुटओवर अटल ब्रिज का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ” अटल ब्रिज” साबरमती नदी के दो किनारों को ही आपस में नहीं जोड़ रहा बल्कि ये डिजाइन और इनोवेशन में भी अभूतपूर्व है। इसकी डिजाइन में गुजरात के मशहूर पतंग महोत्सव का भी ध्यान रखा गया है।
मोदी ने कहा कि इतिहास साक्षी है कि खादी का एक धागा, आजादी के आंदोलन की ताकत बन गया। उसने गुलामी की जंजीरों को तोड़ दिया। खादी का वही धागा, विकसित भारत के प्रण को पूरा करने का, आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने का प्रेरणा.स्रोत बन सकता है। उन्होंने कहा कि खादी को भी अपने घर में जगह दीजिए तो लोकल अभियान को और मदद मिलेगी। आप में से जो भी विदेश में रह रहे हों या आपके परिवार से जब भी कोई सदस्य विदेश जा रहा हो तो कोशिश करें कि वह अपने साथ खादी का एक कपड़ा जरूर लेकर जाएं। इससे दूसरे देश के नागरिकों में भी खादी को लेकर जागरूकता आएगी। खादी हमारे इतिहास का अभिन्न हिस्सा है। जब हम अपनी विरासत पर गर्व करते हैं तो दुनिया भी उसे मान-सम्मान देती है। पीएम मोदी ने देश वासियों से अपील करते हुए कहा कि  देशभर के लोगों से एक अपील भी करना चाहता हूं। आने वाले त्योहारों में इस बार खादी ग्रामोद्योग में बना उत्पाद ही उपहार में दें।
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के आंदोलन के समय जिस खादी को गांधी जी ने देश का स्वाभिमान बनाया,उसी खादी को आजादी के बाद हीन भावना से भर दिया गया। इस वजह से खादी और खादी से जुड़ा ग्रामोद्योग पूरी तरह तबाह हो गया। खादी की ये स्थिति विशेष रूप से गुजरात के लिए बहुत ही पीड़ादायक थी। हमने खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन में खादी फॉर ट्रांसफॉर्मेशन का संकल्प जोड़ा। हमने गुजरात की सफलता के अनुभवों का देशभर में विस्तार करना शुरू किया। देशभर में खादी से जुड़ी जो समस्याएं थीं उनको दूर किया गया। हमने देशवासियों को खादी के प्रोडक्ट खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि आज भारत के टॉप फैशन ब्रांड खादी से जुड़ने के लिए खुद सामने आ रहे हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.