पंचतत्व में विलीन हुए राजू श्रीवास्तव

नई दिल्ली। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव पंचतत्व में विलीन हो गए । गुरुवार को दिल्ली के निगमबोध शमशान पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई और बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी।। इस दौरान उनके फैमिली मेंबर्स, सुनील पाल,  एसान कुरैशी,  मधुर भंडारकर समेत कई सेलेबरिटीज मौजूद थे।
गुरूवार सुबह 9.30 बजे दिल्ली के दशरथपुर, द्वारिका से उनकी शवयात्रा शुरू हुई। ये राजू के भाई का घर है। राजू की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में फैंस भी शामिल हुए। जगह-जगह राजू की पार्थिव देह ले जा रही एंबुलेंस पर फूल भी बरसाए गए। फैंस उन्हें नम आंखों से विदाई दी।
विदित हो कि मशहुर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का बुधवार सुबह 10 बजे के करीब दिल्ली एम्स में निधन हो गया। दिल्ली में ही 10 अगस्त को एक्सरसाइज करते उन्हें हार्ट अटैक आया था। उसके बाद से ही एम्स में भर्ती थे। पिछले 42 दिनों में कई बार बेहतर होती सेहत की खबरें आती रहींए लेकिन आखिरकार बुधवार सुबह 10 बजे के करीब उनका निधन हो गया। राजू श्रीवास्तव के मौत की खबर सामने आने के बाद से ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई नम आंखों से राजू को श्रद्धांजलि दी है।
भारत के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मिमिक्री किंग और बेहतरीन कलाकार राजू श्रीवास्तव जी के असामयिक निधन से दुखी हूं। उनके परिवारए दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा- राजू श्रीवास्तव ने हंसी, हास्य और सकारात्मकता के साथ हमारे जीवन को रोशन किया। वह हमें बहुत जल्द छोड़कर चले गए लेकिन वह वर्षों तक अपने समृद्ध काम की बदौलत अनगिनत लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। उनका निधन दुखद है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ॐ शांति।
अमित शाह ने ट्वीट कर कहा- सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव जी का एक विशिष्ट अंदाज था,  उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। उनका निधन कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति शांति।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने सराहनीय सेवाएं दी। वह एक अच्छे कलाकार थे और जीवन पर्यंत अपनी पीड़ा को दबाते हुए सभी का मनोरंजन करते रहे। आज वो हमारे बीच नहीं हैं। मैं प्रदेशवासियों की तरफ से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें सद्गति प्रदान करें यही प्रार्थना करता हूं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.