व्यापक सुरक्षा के बीच एमसीडी का चुनाव संपन्न
नई दिल्ली। व्यापक सुरक्षा के बीच दिल्ली नगर निगम के सभी 250 वार्डों के लिए रविवार को साढ़े पांच बजे चुनाव संपन्न हो गया। इस चुनाव में 1349 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। कुल 1349 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला दिल्ली के 1.45 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने इवीएम मे कैद कर दिया। चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार करीब 50% मतदान हुआ है। हालांकि यह फाइनल आंकड़ा नहीं है। 2017 में 53-55% मतदान हुआ था। यानी अब तक के आंकड़ों की तुलना करें तो इस बार तीन फीसदी तक कम वोटिंग हुई है।
सात दिसंबर को दिल्ली एमसीडी के नतीजे घोषित हो जाएंगे। भाजपा आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने परिवार के साथ मतदान किया। वोट डालने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम दिल्ली से बेहद प्यार करते हैं, दिल्ली की जनता से अपील है कि वे मतदान करें। आप ऐसी पार्टी को वोट दें जो काम करती है, कट्टर ईमानदार पार्टी को वोट दें, भष्टाचारी को नहीं शरीफ को वोट दें। अगले पांच साल तक काम करके दिल्ली को चमकाना है। भाजपा सांसद परवेश वर्मा और उनकी पत्नी ने मटियाला गांव के एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला। भाजपा सांसद ने वोट डालने के बाद मतदाताओ से कहा कि आम आदमी पार्टी ने गोवा, उत्तराखंड और यूपी में सरकार बनाने का दावा कर रही थी लेकिन लोग जानते हैं कि उन्हें झूठ बोलने की आदत है। कोविड के दौरान आप का कोई भी व्यक्ति लोगों के लिए काम करते नहीं देखा गया। लोगों के साथ केवल एमसीडी के कार्यकर्ता ही खड़े थे। इस बार के एमसीडी चुनाव में हमें 250 में से करीब 210 सीटें मिल रही हैं। भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कृष्णा नगर में मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली से बड़ी संख्या में लोग वोट डालेंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है, मुझे उम्मीद है कि लोग उसी के अनुसार मतदान करेंगे। दिल्ली ने पिछले 15 सालों में भाजपा का काम देखा है।
उधर कांग्रेस नेता अलका लांबा ने रघुबीर नगर के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला, जिसके बाद उन्होंने कहा कि मैं लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने और मतदान करने की अपील करती हूं। लोगों को बदलाव के लिए मतदान करना चाहिए। भाजपा नेता एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने वेस्ट पटेल नगर में मतदान किया। भाजपा नेता राजिंदर पाल सिंह बग्गा ने हरी नगर में मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला। कांग्रेस नेता अजय माकन एमसीडी चुनाव के लिए वोट डालने के लिए राजौरी गार्डन के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचे। चुनाव में वोट डालने के बाद कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा कि ये चुनाव गलियों, कूड़े, नालियों और साफ-सफाई का चुनाव है मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सबसे बेहतरीन हैं। पिछली बार हमे 24 फीसदी वोट मिले थे और हमने 31 सीटें जीती थी। 2019 में भी हमें 22.23 फीसदी वोट मिले थे। पूर्व क्रिकेटर और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने पत्नी पत्नी नताशा गंभीर के साथ ओल्ड राजेंद्र नगर में बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। आम आदमी पार्टी के नेता एवं मंत्री राजकुमार आनंद ने परिवार सहित पूर्वी पटेल नगर में मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सर्वोदय कन्या विद्यालय तुगलकाबाद के मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
