दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से यातायात प्रभावित
नई दिल्ली। सोमवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भारी मानसूनी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई इलाकों में जहां सड़कें पानी में डूबी नजर आयीं वहीं वहीं हवाई यातायात को भी प्रभावित कर दिया। राजधानी तथा आसपास के शहरों में कई जगह यात्री और वाहन चालक फंसे नजर आये। कनॉट प्लेस में पार्किंग स्थल पानी में डूब गए और कई कारें घुटनों तक भरे पानी में खड़ी दिखाई दीं। दक्षिण दिल्ली के संगम विहार में स्कूल से लौट रही कुछ छात्राएं पानी से भरी सड़कों में फंसी अपनी वैन को धक्का देती दिखाई दीं। वहींए कई अन्य लोग जांघ तक भरे पानी से होकर गुजरते नजर आए।
राजीव चौक, पुरानी दिल्ली रोड, रेलवे रोड, महरौली रोड, बसई रोड और एनएच.48 सहित प्रमुख सड़कों पर भारी जलभराव और यातायात जाम रहा। पुरानी दिल्ली में बारिश के दौरान चांदनी महल इलाके में एक जर्जर इमारत का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे वहां खड़े तीन से चार दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। गाजियाबाद में लोनी की दिल्ली.सहारनपुर रोड पर पानी भर गया और सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। पानी से भरी सड़क पर एक ऑटो रिक्शा पलट गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। गुरुग्राम में बारिश का असर और गंभीर रहा। करीब एक घंटे की बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। कई वाहन चालकों ने पानी से भरी सड़कों पर बंद हुए अपने वाहन छोड़ दिए। वहीं, स्कूली बच्चों ने पानी में डूबी सड़कों और पानी में छिपे खुले मैनहोल से बचने के लिए ऊंचे बस स्टॉप पर शरण ली। साउथ सिटी.1, सेक्टर 29, सेक्टर 45, सेक्टर 52, सोहना रोड, डीएलएफ फेज.3, अर्दी सिटी और नरसिंहपुर में भी जलभराव से लोग परेशान नजर आए।
बारिश से उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली आने वाली 15 उड़ानों का मार्ग बदला गया। इनमें तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों सहित 12 उड़ानों को जयपुर भेजा गया, जबकि दो उड़ानें चंडीगढ़ और एक लखनऊ में उतरी। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 34.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जिसे मध्यम श्रेणी में रखा गया है। हालांकि, दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश की मात्रा में काफी अंतर रहा। जनकपुरी में 70 मिलीमीटर और अयानगर में 69.1 मिलीमीटर बारिश हुई। दोनों केंद्रों पर बारिश भारी श्रेणी की रही। पालम में 58.2 मिलीमीटर, रिज में 43.2 मिलीमीटर और लोधी रोड में 41.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो मध्यम बारिश की श्रेणी में रही। आईएमडी की शाम की बुलेटिन के अनुसार, एनसीआर में फरीदाबाद में 58 मिलीमीटर, गुरुग्राम की नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी वेधशाला में 38 मिलीमीटर और गाजियाबाद में 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
