सीएम अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार
दिल्ली शराब नीति मामले में ईडी का बड़ा एक्शन
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गुरुवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा केजरीवाल को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पद पर रहने के दौरान किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी का यह पहला मामला है। हाई कोर्ट के आदेश के तुरंत बाद ईडी की एक टीम उनके आवास पर पहुंची और तलाशी ली। इसके बाद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद ईडी शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश करेगी। इससे पहले उनका मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा।
बताया जाता है कि ईडी के अधिकारियों ने 9वें समन के बाद अरविंद केजरीवाल को गिरप्तार किया। ईडी की टीम गुरुवार को 10वां समन देने के लिए अरविंद केजरीवाल के आवास पहुंची थी। लगभग दो घंटे तक पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। विदित हो कि ईडी की बार-बार समन भेजे जाने पर भी केजरीवाल पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुए थे। इसके खिलाफ ईडी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। वहीं अरविंद केजरीवाल ने भी ईडी समन के खिलाफ कोर्ट का रूख किया था। इधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी सुप्रीम कोर्ट पहुंची है। आम आदमी पार्टी ने कोर्ट से गुरूवार रात में ही सुनवाई करने का मांग की लेेकिन खबर है कि कोर्ट शुक्रवार को सुनवाई करेगी।
उधर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री आवास के बाहर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता लगातार प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। इय स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के कर्मियों के साथ वहां द्रुत कार्य बल (आरएएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की इकाइयों को तैनात किया गया है। धारा 144 लगा दी गई है।
