कोलकाता ने सनराइजर्स को दी मात
आईपीएल 2024 में 23 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद का मैच ईडन गार्डन्स पर खेला गया। इस मैच में रोमांच की सारी हदें पार हो गईंं। केकेआर ने इस मैच में पहले खेलने के बाद आंद्रे रसेल की तूफानी पारी की बदौलत 208 रन बनाए थे, जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर एक समय 16 ओवर में सिर्फ 133 रन था। आखिरी चार ओवर में हैदराबाद को जीत के लिए करीब 20 की औसत से रन बनाने थे। फिर भी हेनरिक क्लासेन ने हार नहीं मानी और अकेले पूरा मैच पलट दिया। हैदराबाद को अंतिम पांच गेंद में सिर्फ सात रन बनाने थे लेकिन शाहबाज और क्लासेन आउट हो गए। क्लासेन ने 29 गेंद में 8 छक्कों की मदद से 63 रनों की पारी खेली फिर भी वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी चुनी और शुरुआत में उनकी टीम के गेंदबाजों ने कोलकाता के बल्लेबाजों को तंग भी किया। मगर आंद्रे रसेल के तूफान के कारण कोलकाता की टीम 208 रन का स्कोर बना पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन बड़े स्कोर को हासिल करने के दबाव में टीम लगातार विकेट गंवाती रही। अंत में हेनरिक क्लासेन की पारी ने उम्मीद जगा मगर उन्हें 4 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी ।
