दीपक सक्सेना भाजपा में शामिल
भोपाल। सत्ता का सिंहासन ऐसा होता है कि जिसने भी इसका स्वाद चखा वह अपने को उपेक्षित पाता है तो दल बदलने से भी बाज नहीं आता। और शायद यही कारण है कि चुनाव आते ही दल बदल का कार्यक्रम शुरू हो जाता है। वैसे भी उपेक्षित होने से बेहतर है वहा व्यक्ति जाए जहां सम्मान मिले। अभी मध्यप्रेश में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सबसे करीबी माने जाने वाले दीपक सक्सेना ने भी शुक्रवार (5 अप्रील) को बीजेपी का दामन थाम लिया है। इससे पहले दीपक सक्सेना के पुत्र अजय सक्सेना ने 21 मार्च को कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन कर ली थी।
बताया जाता है कि दीपक सक्सेना पूर्व मंत्री कमलनाथ के दाहिना हाथ थे। हालांकि दीपक सक्सेना को मनाने के लिए दो दिन पहले ही कमलनाथ छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के पांच विधायकों को लेकर दीपक सक्सेना के घर पहुंचे थे लेकिन, कमलनाथ के प्रयास असफल साबित हुए। बता दें कि दीपक सक्सेना चार बार कांग्रेस से विधायक रहे। उन्होंने कुल 7 बार विधानसभा का चुनाव लड़ा। दीपक सक्सेना दिग्विजय सरकार में दो बार मंत्री रह चुके हैं। साल 2018 में उन्होंने छिंदवाड़ा सीट से विधानसभा का चुनाव जीता था लेकिन, बाद में कमलनाथ के लिए विधायकी से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उपचुनाव में कमलनाथ छिंदवाड़ा से जीतकर सीएम पद पर बने रहे। दीपक सक्सेना, कमलनाथ सरकार में प्रोटेम स्पीकर के पद पर रहे। इससे पहले वह कॉपरेटिव बैंक के दो दशक तक चेयरमैन भी रह चुके हैं।
