पुरी से सुचारिता मोहंती ने नामांकन वापस लिया
भुवनेश्वर। गुजरात और मध्य प्रदेश के बाद कांग्रेस पार्टी को अब ओडिशा में बड़ा झटका लगा है। पार्टी की पुरी से कैंडिडेट सुचारिता मोहंती ने पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए फंड नहीं मिलने पर अपना नामांकन वापस ले लिया है। पुरी सीट पर सुचारिता मोहंती का मुकाबला बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा और बीजेडी के उम्मीदवार अरुप पटनायक से था। सुचारिता मोहंती ने कुछ समय पहले चुनाव लड़ने के लिए लोगों से डोनेशन मांगा था। इसके लिए उन्होंने क्यूआरकोड भी जारी किया था।
कांग्रेस पार्टी के कैंडिडेट के तौर नामांकन वापस लेने पर सुचारिता मोहंती ने कहा है कि मैं एक पीपल.ओरिएंटेड कैंपेन चाहती थी लेकिन फंड की कमी के कारण यह भी संभव नहीं था। इसके लिए कांग्रेस पार्टी भी जिम्मेदार नहीं है। बीजेपी सरकार ने पार्टी को पंगु बना दिया है। खर्चों पर कई तरह का प्रतिबंध है। सुचारिता मोहंती ने कहा है कि पार्टी ने मुझे फंड देने से मना कर दिया था। मोहंती ने कहा कि बीजेपी और बीजेडी पैसों के पहाड़ पर बैठे हैं। यह मेरे लिए काफी मुश्किल था। चुनावों में धनबल का प्रदर्शन हो रहा है। मैं इस तरह से नहीं लड़ना चाहती थी।
