लवली सहित चार नेताओं ने थामा भाजपा का दामन
नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली शनिवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरीए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, संजय मयूख और भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की मौजूदगी में भाजपा मे शामिल हो गए। श्री लवली के साथ राजकुमार चौहान, नसीब सिंह, नीरज बसोया और अमित मलिक ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।
भाजपा में शामिल होने के बाद लवली ने कहा कि हमें भाजपा के बैनर तले और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की जनता के लिए लड़ने का मौका दिया गया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि देश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। आने वाले दिनों में भाजपा का परचम दिल्ली में भी लहराएगा।
विदित हो कि अरविंदर सिंह लवली की भाजपा में यह दूसरी पारी है। लवली 7 साल पहले 18 अप्रैल 2017 को भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए थे। हालांकि 10 महीने बाद ही वे 17 फरवरी 2018 को वापस कांग्रेस में शामिल हो गए थे। 31 अगस्त 2023 को लवली को दिल्ली कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। 28 अप्रैल को मल्लिकार्जुन खड़गे को उन्होंने 4 पेज की चिट्ठी लिखकर पार्टी प्रभारी पर मनमानी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि मुझे एक ब्लॉक अध्यक्ष तक नियुक्त करने का अधिकार नहीं है। इसके अलावा लवली ने आम आदमी पार्टी से गठबंधन पर भी ऐतराज जताया था। लवली ने अपनी चिट्ठी में लिखा कि दिल्ली कांग्रेस इकाई उस पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ है जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के आधार पर बनी थी। इसके बावजूद पार्टी ने दिल्ली में आप पार्टी के साथ गठबंधन करने का फैसला किया।
वीरेन्द्र सचदेवा ने इन सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें यकीन है कि सब मिलकर दिल्ली में भ्रष्टाचार वाली सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। भाजपा में शामिल होने के बाद अरविंदर सिंह लवली ने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को राष्ट्र निर्माण और दिल्ली की लड़ाई में सहयोग का मौका देने के लिए धन्यवाद कहा।
