विनेश फोगट और बजरंग पुनिया कांग्रेस में शामिल

सियासी बयानबाजी शुरू

नई दिल्ली। पहलवान विनेश फोगट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने के बाद सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। पूर्व डब्ल्यू एफआई अध्यक्ष और भाजपा नेता बृज भूषण शरण सिंह ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि 18 जनवरी 2023 में जब जंतर-मंतर पर धरना शुरू हुआ था तो मैंने पहले दिन कहा था कि यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है  इसके पीछे कांग्रेस है। विशेषकर भूपेंद्र हुड्डा,  प्रियंका गांधी,  राहुल गांधी। उन्होंने कहा कि आज यह बात सच साबित हुई कि इस पूरे आंदोलन में जो हमारे खिलाफ षड्यंत्र के तहत किया गया उसमें कांग्रेस शामिल थी और इसका नेतृत्व भूपेंद्र हुड्डा कर रहे थे। मैं हरियाणा के लोगों को बताना चाहता हूं कि भूपेंद्र हुड्डा,  दीपेंद्र हुड्डा,  बजरंग या विनेश ये लोग लड़कियों के सम्मान के लिए धरने पर नहीं बैठे थे।
विनेश फोगट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष और पंचकूला विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जंतर-मंतर पर विनेश फोगट के विरोध को प्रायोजित किया। उन्हें विशेष सुविधाएं दी गईं। खेलों में ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए। विनेश फोगट को मैदान में उतारने के बाद कांग्रेस पूरी तरह से बेनकाब हो गई है। वे एथलीटों के साथ भी राजनीति कर सकते हैं। वे एथलीटों का राजनीतिक लाभ उठा सकते हैं और उन्होंने ऐसा किया है।
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि जो भी गलत करता है भाजपा उसके साथ खड़ी होती है और वे भाजपा के साथ हैं। जिसके साथ भी गलत होता है कांग्रेस उसके लिए लड़ती है और उसकी आवाज उठाती है और आगे भी उठाएगी और इसीलिए वे भी कांग्रेस को पसंद करते हैं। छह खिलाड़ियों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। हमें गर्व है कि हम अपनी बेटियों के साथ खड़े थे, खड़े हैं और खड़े रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.