हरियाणा मे गीता की धरती पर सत्य की जीत : मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की जीत को कार्यकर्ताओं की तपस्या और राज्य के लोगों के देशप्रेम का नतीजा और जम्मू कश्मीर के चुनाव परिणाम को भारत के संविधान की जीत करार दिया है। श्री मोदी ने हरियाणा एवं जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद देर शाम को भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं के स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा के चुनावों ने कांग्रेस की सभी देशविरोधी साजिशों को नाकाम कर दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा एवं जम्मू कश्मीर में भाजपा को छप्पर फाड़ कर वोट दिये हैं।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित इस समारोह में भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने किया। श्री मोदी ने कहा कि हम सबने सुना है कि “जहां दूध दही का खाना, वैसा है अपना हरियाणा”। हरियाणा के लोगों ने फिर कमाल कर दिया है और कमल-कमल कर दिया है। आज नवरात्रि का छठा दिन है। मां कात्यायनी की आराधना का दिन है। मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल को धारण किए हुए हम सभी को आशीर्वाद दे रही है। ऐसे पावन दिन हरियाणा में तीसरी बार लगातार कमल खिला है। गीता की धरती पर सत्य की जीत हुई है। गीता की धरती पर विकास की जीत हुई है। गीता की धरती पर सुशासन की जीत हुई है। हर जाति, हर वर्ग के लोगों ने हमें वोट दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दशकों के इंतजार के बाद आखिरकार शांतिपूर्वक चुनाव हुए। वोटों की गिनती हुईए नतीजे आए। ये भारत के संविधान की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है। जम्मू-कश्मीर में जितनी भी पार्टियां चुनाव लड़ रही थीं उनमें वोट शेयर के हिसाब से भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को बहुत.बहुत बधाई देता हूं। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की जनता को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके तप और तपस्या के लिए नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की ये जीत कार्यकर्ताओं के अथाह परिश्रम का परिणाम है। हरियाणा की ये जीत श्री नड्डा और हरियाणा की टीम के प्रयासों की जीत है। हरियाणा की ये जीत नम्र.विनम्र हमारे मुख्यमंत्री जी के कर्तव्यों की भी जीत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अब तक 13 चुनाव हुए हैं। इनमें से 10 चुनाव में हरियाणा के लोगों ने हर 5 साल के बाद सरकार बदली लेकिन इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है वो अभूतपूर्व है। पहली बार ऐसा हुआ है कि 5-5 साल के दो कार्यकाल पूरा करने वाली किसी सरकार को हरियाणा में फिर से मौका मिला है। उन्होंने कहा आज हरियाणा में झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी है। हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया का सिर्फ सबसे बड़ा दल ही नहीं है। भाजपा सबसे ज्यादा दिलों में भी बसी हुई है। हरियाणा में जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा की हैट्रिक लगाई। भाजपा ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई, इसलिए गुजरात और मध्य प्रदेश की जनता दो दशक से भी ज्यादा समय से अपना आशीर्वाद बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि देश के ज्यादातर राज्यों के लोगों ने कांग्रेस के लिए नो इंट्री का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो चाहे काम करे या न करे लोग तो उसको वोट देंगे ही लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उसका डिब्बा गोल हो चुका है। कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। सरकार में न रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है इसलिए वो सरकार में आने के बाद देश और समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती। श्री मोदी ने कहा कि देश ने देखा कि कैसे कांग्रेस द्वारा किसानों को भड़काने का प्रयास हुआए लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया कि वो देश के साथ हैं। भाजपा के साथ हैं। हरियाणा के युवाओं ने उत्तर दिया कि कांग्रेस की ये देशविरोधी राजनीति नहीं चलेगी। हरियाणा ने एकजुट हो कर देशविरोधियों की हर साजिश को विफल कर दिया। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस अब परजीवी पार्टी बन गयी है। हरियाणा में अकेली लड़ी तो हार गयी और जम्मू-कश्मीर में उनके सहयोगी नेशनल कॉन्फ्रेंस ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के कारण उन्हें नुकसान हो रहा है। कांग्रेस ऐसी परजीवी है जिसने जिस दल के साथ सहयोग किया उसे ही खत्म कर दिया।
श्री मोदी ने कहा कि देश के कोने.कोने में आज भाजपा जो कुछ भी है, उसके मूल में भाजपा के कार्यकर्ता हैं, उनका परिश्रम है, उनकी त्याग और तपस्या है। इसलिए अपने कार्यकर्ताओं के प्रति अहोभाव व्यक्त करना स्वाभाविक है। टीम स्पिरिट के साथ कंधे से कंधा मिलाकरए कदम से कदम मिलाकर लक्ष्य की ओर बढ़ते जाने वाले भाजपा कार्यकर्ता न रुकने वाले हैं, न थकने वाले हैं और झुकने का तो सवाल ही नहीं है।
