संजीव खन्ना बने उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिलाई पद की शपथ

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को न्यायमूर्ति संजीव खन्ना को उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। श्रीमती मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में शीर्ष अदालत के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति खन्ना को 51 वां मुख्य न्यायाधीश के पद की शपथ दिलाई। वह 13 मई 2025 को सेवानिवृत्त होंगे।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़,  शीर्ष अदालत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और अनेक अन्य लोग मौजूद थे।
न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ 10 नवंबर को शीर्ष अदालत के 50 वें मुख्य न्यायाधीश पद से सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने अक्टूबर में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर न्यायमूर्ति खन्ना को शीर्ष अदालत का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी। न्यायमूर्ति खन्ना को 18 जनवरी 2019 को शीर्ष न्यायालय के न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत किया गया था तब वह दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश थे। उन्हें 2005 में दिल्ली उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया और एक साल बाद उन्हें यहां स्थायी न्यायाधीश के तौर पर पदोन्नत किया गया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.