जनजातीय गौरव दिवस मनाने को जमुई जाएंगे पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जनजातीय गौरव दिवस मनाने के लिए बिहार के जमुई जाएंगे और आदिवासी समुदायों के उत्थान और क्षेत्र के ग्रामीण तथा दूरदराज के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में सुधार के उद्देश्य से 6, 640 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को बताया कि यह धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष समारोह की शुरुआत का प्रतीक है। श्री मोदी भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्के और डाक टिकट का अनावरण करेंगे। वह आदिवासी समुदायों के उत्थान और क्षेत्र के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे में सुधार लाने के उद्देश्य से 6, 640 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम.जनमन) के तहत निर्मित 11, 000 आवासों के गृह प्रवेश में भाग लेंगे। वह आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य देखभाल पहुंच बढ़ाने के लिए पीएम.जनमन के तहत शुरू की गई 23 मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीएजेगुआ) के तहत अतिरिक्त 30 एमएमयू का भी उद्घाटन करेंगे।
