भारत विरोध अब कांग्रेस की पहचान बन गई है : मालवीय

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी  ने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष में चार या पांच विमानों के गिराए जाने के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान वाले सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि भारत विरोध इस विपक्षी दल की पहचान बन गई है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उक्त बयान वाले वीडियो के साथ शनिवार को एक टिप्पणी में प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि मोदी जी 5 जहाज़ों का सच क्या है  देश को जानने का हक है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की इस टिप्पणी पर भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राहुल गांधी की मानसिकता एक देशद्रोही की है। श्री मालवीय ने कहा कि ट्रंप ने अपने बयान में न तो भारत का नाम लिया, न ही यह कहा कि वे पांच जहाज़ भारत के थे। फिर कांग्रेस के युवराज ने उन्हें भारत के ही क्यों मान लिया। पाकिस्तान के क्यों नहीं माने। भाजपा नेता ने सवाल किया कि क्या उन्हें ( गांधी  को) अपने देश से ज़्यादा हमदर्दी पाकिस्तान से है।
उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान अब तक उबरा नहीं है लेकिन दर्द राहुल गांधी को हो रहा है। श्री मालवीय ने कहा कि जब भी देश की सेना दुश्मन को सबक सिखाती है, तब कांग्रेस को मिर्ची लगती है। भारत विरोध अब कांग्रेस की आदत नहीं पहचान बन चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी बताएं क्या वह भारतीय हैं या पाकिस्तान के प्रवक्ता।

Leave A Reply

Your email address will not be published.