जिला स्तर कांग्रेस की मजबूती के लिये करें काम : खरगे

नई दिल्ली।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि पार्टी की मजबूती का आधार जिला स्तर का संगठन रहा है और यहीं से कांग्रेस का सत्ता का रास्ता भी खुलता है इसलिए किसी प्रलोभन में आए बिना जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए सबको मिलकर काम करने की ज़रूरत है।
श्री खरगे ने रविवार को यहां पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में हरियाणा और मध्य प्रदेश के नव नियुक्त जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला अध्यक्ष कांग्रेस संगठन में सबसे मजबूत कड़ी होती है। राज्य में सरकार चुनने और विधान सभाओं में पार्टी के उम्मीदवार को जिताने में उनकी अहम भूमिका होती है। देश में सरकार बनानी हो तो लोकसभा चुनाव जीतने के लिए जिला स्तर संगठन के समर्थन की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष ब्लॉक कमेटी बनाते है। मंडल और बूथ कमेटी बनाते है और जब ये कमेटियां बनाएं तो खास ध्यान रखना है कि ये सभी लोग पार्टी के वफ़ादार हों और मेहनती हों।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिला स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने का काम सबसे महत्वपूर्ण है। यहां पर यह ध्यान भी देना है कि कोई कार्यकर्ता किसी के प्रलोभन में ना आए,  पार्टी की विचारधारा पर अडिग बना रहे और किसी भी लालच में हिले नहीं। उनका कहना था कि अगर कांग्रेस ने देश में सबसे लंबे समय तक शासन किया है तो इसकी वजह पार्टी की जिला स्तर पर मजबूती रही है। जब कोई मंत्री किसी जिले में जाता था तो सबसे पहले जिला अध्यक्ष से संपर्क करना होता था। जिला कार्यालय में जाना होता था। बीच में इस परंपरा में थोड़ा बदलाव आ गया। मंत्री लोग अपने चहेतों को जिला अध्यक्ष बनाने लगेए योग्यता और विचारधारा को नज़रअंदाज़ किया जाने लगा। श्री खरगे ने कहा कि इस परंपरा के टूटने की बात राहुल गांधी और मैंने महसूस किया कि यदि कांग्रेस को और उसकी विचारधारा को मजबूत करना है तो जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती आवश्यक है। मेरा अटल विश्वास है कि बिना जिला अध्यक्षों को अहमियत दिए सत्ता में वापसी नहीं कर सकते इसलिए जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाना आवश्यक है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.