15 सितंबर को बिहार दौरे पर आएंगे मोदी
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार दौरे पर आएंगे और इस दौरान वे कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंगलवार को यहां बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 15 सितंबर को एक दिवसीय दौरे पर बिहार आयेंगे। उन्होंने बताया कि अपनी यात्रा के दौरान श्री मोदी पूर्णिया में हवाई अड्डे के उद्घाटन सहित बिहार में कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। श्री जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान पूर्णिया में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी क्रमशः 18 और 27 सितंबर को बिहार का दौरा करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि उनकी पार्टी ने बिहार को पांच क्षेत्रों में बांटा है। उन्होंने कहा कि श्री शाह आगामी बिहार विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करने के लिए आने वाले दिनों में इन सभी पांच क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत भी करेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस साल अक्टूबर.नवंबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर प्रधानमंत्री श्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह तथा भाजपा के अन्य शीर्ष नेता पिछले कुछ महीनों से लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में छह पावर सब.स्टेशन, 10 ग्रिड उपकेंद्र और आठ शक्ति उपकेंद्रों का निर्माण प्रगति पर है जबकि राजधानी पटना में बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न शहरों में नौ नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सके। औद्योगिक क्रांति की दिशा में बिहार के बढ़ते कदम की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार 17 नए औद्योगिक पार्क विकसित कर रही है जिसमें गया में 1, 700 एकड़ और वैशाली के राजापाकर में 1,100 एकड़ में औद्योगिक हब की योजना शामिल है। वहीं 40 योजनाएं जलाशयों, तटबंधों, चेकडेमों और नहरों के सुदृढ़ीकरण पर केंद्रित हैं जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। नागरिक सुविधाओं के विस्तार में भी कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
