सासाराम सीट पर जोर दिखाएंगी स्नेहलता
सासाराम। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता बिहार विधानसभा चुनाव में सासाराम सीट से चुनावी दंगल में अपनी किस्मत आजमाएंगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक रालोमो ने उनके खाते में आई सभी छह विधानसभा सीटों सासाराम, मधुबनी, उजियारपुर, दिनारा, बाजपट्टी और पारू में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जिन सीटों पर उम्मीदवार बनाये गए हैं उनमें सबसे प्रमुख नाम उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता का है।सासाराम सीट से श्री कुशवाहा की पत्नी श्रीमती स्नेहलता चुनाव लड़ रही हैं। सासाराम सीट पर स्नेहलता की एंट्री ने इस सीट का सियासी पारा बढ़ा दिया है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट पर स्नेहलता ने अपने पति उपेन्द्र कुशवाहा के पक्ष में वोट के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया था।
वर्ष 2020 के चुनाव में शेरशाह सूरी के मकबरा के लिए प्रसिद्ध सासाराम सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार राजेश कुमार गुप्ता ने जनता दल यूनाईटेड (जदयू) उम्मीदवार अशोक कुमार को 26423 मतों के अंतर से पराजित किया था। सासाराम सीट पर अभी महागठबंधन ने अपने उम्मीदवपारों की घोषणा नहीं की है। देखना दिलचस्प होगा कि सासाराम की सीट पर श्री कुशवाहा का सियासी दांव कितना सफल हो पाता है।
