दिल्ली में हुए विस्फोट पर खरगे, राहुल ने जताया दुख
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को दिल्ली विस्फोट की घटना पर गहन संवदेना जताई। श्री खरगे ने कहा कि दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि इस घटना में कई अनमोल जानें गई हैं। इस दुःख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि सरकार को इस विस्फोट की शीघ्र एवं गहन जांच सुनिश्चित करनी चाहिएए जो एक उच्च सुरक्षा और अक्सर भीड़.भाड़ वाली जगह पर हुआ है, ताकि इस चूक और घटना के लिए ज़िम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जा सके।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और उनको अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
