शुभेंदु के सिर सजा प. बंगाल के सीएम का ताज

पांच अन्य भी मंत्रिमंडल में शामिल

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी को शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलायी गई। उनके साथ पांच अन्य ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटों के साथ दो तिहाई से भी अधिक बहुमत हासिल किया है।
श्री अधिकारी को यहां बिग्रेड परेड मैदान में राज्यपाल आर एन रवि ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। उनके अलावा श्री दिलीप घोष, सुश्री अग्निमित्रा पॉल, श्री अशोक कीर्तनिया, श्री खुदीराम टुडू तथा श्री निसिथ प्रमाणिक को मंत्री पद की शपथ दिलायी गई।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा कई अन्य केन्द्रीय मंत्री, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के शासन वाले अन्य विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद थे। ब्रिगेड परेड मैदान में विशाल जनसमूह भी शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बना।
इससे पहले पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी  विधायक दल के नेता सुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को राज्यपाल आर.एन.रवि से मुलाक़ात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। श्री अधिकारी विधायक दल का नेता चुने जाने के करीब दो घंटे बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लोक भवन पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मौजूद लोगों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य और वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, लॉकेट चटर्जी तथा तापस रॉय मौजूद थे।
श्री अधिकारी ने पाँच साल के अंतराल पर हुए लगातार दो विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को हराया है। उन्हें यहाँ के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में हुई एक बैठक में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था।श्री अधिकारी पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर काम कर चुके हैं। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक दल का नेता चुना गया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.