वर्ष 2027 हज यात्रा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को हज नीति.2027 की घोषणा की और इसके साथ ही हज समिति ने वर्ष 2027 की हज यात्रा के लिए इच्छुक तीर्थयात्रियों से आवेदन आमंत्रित प्रारंभ कर दिया है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल एवं सरल बनाया गया है। हज.2027 के लिए इच्छुक यात्री हज समिति पोर्टल, तथा हज सुविधा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हज कोटा वितरण का अनुपात पहले की तरह 70 :30 रहेगा। इसके तहत हज समिति को 1,22,518 सीटें और निजी क्षेत्र को 52,507 सीटें मिलेंगी। हालांकि सरकार भारतीय यात्रियों के लिए हज कोटा बढ़ाने का प्रयास भी करेगी। पिछले वर्ष भारत का कुल हज कोटा 1,75,025 था।
उन्होंने कहा कि यह नीति 18 जून को आयोजित हज समीक्षा बैठक के बाद जारी की गई है, जिसमें हज.2026 की व्यवस्थाओं की समीक्षा और हज.2027 की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया था। नीति की समय से घोषणा और आवेदन प्रक्रिया का तत्काल आरंभ सऊदी अरब द्वारा निर्धारित समय.सीमा के अनुरूप तैयारियों को सुनिश्चित करेगा। नई हज नीति में यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। राज्य हज निरीक्षकों की संख्या बढ़ाते हुए अब एक निरीक्षक 150 के बजाय 135 यात्रियों की देखरेख करेगा। वहीं हज.2026 की अंतिम प्रतीक्षा सूची में शामिल शीर्ष 20 प्रतिशत आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। पिछले वर्ष शुरू किए गए 20 दिवसीय शॉर्ट हज पैकेज को भी जारी रखा गया है तथा क्षेत्रीय मांग को देखते हुए कोलकाता को नया एम्बार्केशन प्वाइंट बनाया गया है।
नीति के तहत चिकित्सा जांच को सऊदी अरब के स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप बनाया गया है। गंभीर या दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच को और कड़ा किया जाएगा ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा हज प्रबंधन को तकनीक आधारित बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग किया जाएगा। एआई आधारित आवेदन एवं दस्तावेज सत्यापन, उड़ानों के आवंटन की योजना, शिकायतों की निगरानी और समाधान जैसी सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएंगी।
