मीराबाई चानू करेंगी भारतीय भारोत्तोलन टीम की अगुवाई
नई दिल्ली। ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय भारोत्तोलन टीम की अगुवाई करेंगी। दो बार की कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन मीराबाई चानू ग्लासगो में महिलाओं की 48 किग्रा भारोत्तोलन वर्ग में हिस्सा लेंगी।
31 साल की इस भारतीय वेटलिफ्टर ने अपने करियर में तीन कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक जीते हैं। गोल्ड कोस्ट 2018 ;48 किग्राद्ध और बर्मिंघम 2022 ;49 किग्राद्ध में स्वर्ण और ग्लासगो 2014 (48 किग्रा) में रजत मेडल जीते। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और टोक्यो 2020 ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने आखिरी बार फरवरी में मोदीनगर में नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने 48 किग्रा कैटेगरी में खिताब जीता था। इस साल की शुरुआत में कंधे की चोट से उबरने के लिए उन्होंने मई में एशियन भारोत्तोलन चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लिया था।
मीराबाई के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की पदक विजेता बिंद्यारानी देवी और हरजिंदर कौर भी होंगी, जो क्रमशः महिलाओं की 58 किग्रा और 69 किग्रा कैटेगरी में हिस्सा लेंगी। दोनों ने चार साल पहले बर्मिंघम में रजत पदक जीते थे। पुरुषों में पिछले एडिशन के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट लवप्रीत सिंह 110 किग्रा कैटेगरी में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। ऋषिकांत सिंह (60 किग्रा), अजय बाबू (79 किग्रा) और दिलबाग सिंह (94 किग्रा) कॉमनवेल्थ गेम्स में अपना डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारोत्तोलन प्रतियोगिताएं 26 से 30 जुलाई तक ग्लासगो के एसईसी आर्माडिलो में आयोजित की जाएंगी।
