घर से बुलाकर युवक को मारी गोली

पटना। भोजपुर जिले के आरा शहर में बेखौफ अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना नगर थाना क्षेत्र के धरहरा पुल के पास की है। मृतक की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के श्री टोला स्थित वार्ड संख्या.36 निवासी चंदन यादव (28) के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में चंदन की पत्नी गीता देवी ने बताया कि गुरुवार की रात कुछ लोग चंदन यादव को नाश्ता करने के बहाने उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। धरहरा मुसहर टोली के समीप अपराधियों ने चंदन पर करीब से फायरिंग की। गोली उसके पेट के दाहिने हिस्से में लगी जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी गीता देवी का आरोप है कि चंदन का पहले भी कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उन्हीं लोगों ने साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया है। वहीं घटना के संबंध में पुलिस का मानना है कि चर्चा इस बात का भी है कि इस हत्या के पीछे प्रेम.प्रसंग का मामला है।
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि हत्या के असली कारणों का पता लगाने के लिए हर संभावित एंगल को खंगाला जा रहा है। जहां एक तरफ परिजनों ने पुराने विवाद में हत्या का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस प्रेम.प्रसंग से जुड़े बिंदुओं पर भी गुप्त रूप से जानकारी जुटा रही है। नगर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा

Leave A Reply

Your email address will not be published.