दो शक्तिशाली भूकंपों से थर्राया बेनेजुएला

मरने वालों की संख्या बढ़कर 188, 1,500 घायल

कराकस। वेनेजुएला में आये दो शक्तिशाली भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 188 हो गई है, जबकि 1,500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार बुधवार शाम मोरोन शहर से 16 किलोमीटर और सैन फेलिप से 24 किलोमीटर दूर क्रमश: 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप आये। दोनों झटके पूरे वेनेजुएला और लैटिन अमेरिका के कई अन्य देशों में महसूस किये गये। अधिकारियों के अनुसार राजधानी कराकस से लेकर तटीय शहर कैटिया ला मार तक अनेक इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। सबसे अधिक तबाही तटीय राज्य ला गुएरा में हुई है। सरकार ने देशभर के स्कूलों में एक सप्ताह के लिए कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। रेल सेवाएं और गैर-जरूरी गतिविधियां अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं, जबकि कराकस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। राहत एवं बचाव कार्य में सुरक्षा बलों सहित सैकड़ों कर्मी जुटे हुए हैं।
एक समाचार एजेंसी ने स्थानीय मीडिया के हवाले से आंकड़ों की पुष्टि करते हुए कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 188 हो गई है, जबकि 1,500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। करीब 200 लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं। वेनेजुएला की संस के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने स्थानीय मीडिया के हवाले से बताया कि इस आपदा में कम से कम 2,927 परिवार बेघर हो गये हैं। इससे पहले कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने आपदा की गंभीरता को देखते हुए देश में आपातकाल की घोषणा की थी।
इस बीचए भारत सहित कई देशों ने वेनेजुएला को सहायता की पेशकश की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सहायता की पेशकश की है, जबकि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा संसाधन और मानवीय सहायता भेजने की घोषणा की है। कोलंबिया, मैक्सिको, पेरू, अर्जेंटीना, तुर्की, पनामा, कतर, क्यूबा, निकारागुआ, जॉर्डन, ब्राजील, ब्रिटेन और बारबाडोस सहित कई अन्य देशों ने भी सहायता की पेशकश की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.