चर्चित हस्तियों के करोड़ों की संपत्ति पर ईडी का शिकंजा

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध सट्टेबाजी प्लेटफार्म “1एक्सबेट” ऐप से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए चर्चित हस्तियों युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, उर्वशी रौतेला, सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती, अंकुश हाजरा और नेहा शर्मा की 7.93 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्ति कुर्क की है। ईडी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ईडी ने अवैध सट्टेबाजी प्लेटफार्म “1एक्सबेट” के संचालकों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में दर्ज कई प्राथमिकियों के आधार पर अपनी जांच शुरू की थी। जांच में पाया गया कि यह प्लेटफार्म और इसके सहयोगी ब्रांड भारत में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गतिविधियों को बढ़ावा देने और उन्हें संचालित करने में शामिल थे। जांच एजेंसी ने खुलासा किया कि इन हस्तियों ने इसके सरोगेट ब्रांडों के माध्यम से “1एक्सबेट” के प्रचार के लिए विदेशी संस्थाओं के साथ विज्ञापन अनुबंध किए थे। इन विज्ञापनों के बदले भुगतान को विदेशी संस्थाओं के माध्यम से घुमा.फिराकर भेजा गया था ताकि धन के अवैध स्रोत को छिपाया जा सके। यह धन सट्टेबाजी की अवैध गतिविधियों से अर्जित अपराध की कमाई से जुड़ा था।
ईडी ने बताया कि “1एक्सबेट” भारत में बिना किसी आधिकारिक अनुमति के काम कर रहा था । वह सोशल मीडिया, ऑनलाइन वीडियो तथा प्रिंट मीडिया के जरिए भारतीय उपयोगकर्ताओं को प्रभावित करने के लिए परोक्ष विज्ञापन तकनीक का उपयोग करता था। विज्ञापनों के लिए भुगतान की व्यवस्था विदेशी मध्यस्थों के माध्यम से कई परतों में लेनदेन करके की गई थी। इससे पहले ईडी ने इसी मामले में क्रिकेटरों शिखर धवन और सुरेश रैना की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। जांच एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अवैध सट्टेबाजी प्लेटफार्म गंभीर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं और इनका उपयोग धन शोधन के लिए किया जाता है। ईडी ने मशहूर हस्तियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों को आगाह किया है कि ऐसे अवैध प्लेटफार्मों का प्रचार करना एक दंडनीय अपराध है जिसके लिए कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.