गणेश जयंती 15 फरवरी को

विघ्नहर्ता श्री गणेश जी के भक्तों को गणेश चतुर्थी की तरह ही उनके जन्मदिन का भी इंतजार रहता है। हिन्दी पंचांग के अनुसार, माघ मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश जयंती होती है। इस दिन ही भगवान गणेश जी का जन्म हुआ था। इस दिन को माघी गणेश चतुर्थी, माघ विनायक चतुर्थी या तिलकुंड चतुर्थी भी कहा जाता है। इस वर्ष गणेश जयंती रवि योग में 15 फरवरी दिन सोमवार को मनाई जाएगी माघ मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि का प्रारंभ 14 फरवरी दिन रविवार को देर रात 01 बजकर 58 मिनट पर हो रहा है, जो 16 फरवरी को तड़के 03 बजकर 36 मिनट तक रहेगा। ऐसे में इस वर्ष गणेश जयंती 15 फरवरी को ही मनाई जाएगी।
गणेश जयंती के दिन दोपहर में गणपति बप्पा की पूजा के लिए आपको कुल 02 घंटे 14 मिनट का समय मिलेगा। उस दिन आप दिन में 11 बजकर 28 मिनट से दोपहर 01 बजकर 43 मिनट के मध्य गणेश पूजा संपन्न कर लें। इस दिन बड़ा शुभ समय है। इस वर्ष रवि योग में गणपति बप्पा की पूजा की जाएगी और उनका जन्मोत्सव मनाया जाएगा। गणेश जयंती के दिन रवि योग सुबह 06:59 बजे से शाम को 06:29 बजे तक है।
गणेश जयंती के दिन का विशेष धार्मिक महत्व होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो व्यक्ति गणेश जयंती के दिन गणेश पूजा करते हैं उसे पूरे साल के गणेश चतुर्थी व्रत का फल प्राप्त करता है। उस व्यक्ति की उन्नति में भाग्य सहायक बन जाता है, जीवन में शुभता बढ़ती है तथा मृत्यु के बाद मोक्ष की प्राप्ति होती है। गणेश जयंती के दिन मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर समेत देशभर के गणेश मंदिरों में गणपति का जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाता है।
