आठ अप्रैल को है सोमवती अमावस्या
चैत्र मास की अमावस्या 8 अप्रैल दिन सोमवार को है इसलिए उस दिन सोमवती अमावस्या है। चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि 8 अप्रैल को तड़के 03 बजकर 11 मिनट से शुरू होगी और यह तिथि उस दिन ही रात 11 बजकर 50 मिनट पर खत्म होगी। ऐसे में उदया तिथि के अनुसार, सोमवती अमावस्या 8 अप्रैल को है। इस दिन स्नान दान के लिए शुभ समय ब्रह्म मुहूर्त 04 बजकर 32 मिनट से 05 बजकर 18 मिनट तक है। ब्रह्म मुहूर्त से आप सोमवती अमावस्या का स्नान और दान कर सकते हैं। इस दिन अमृत.सर्वोत्तम मुहूर्त सुबह 06 बजकर 03 मिनट से सुबह 07 बजकर 38 मिनट तक है।
सोमवती अमावस्या के दिन इंद्र योग और उत्तरभाद्रपद नक्षत्र है, इंद्र योग 8 अप्रैल को सुबह से लेकर शाम 06 बजकर 14 मिनट तक है। वहीं उत्तर भाद्रपद नक्षत्र सुबह से लेकर 10 बजकर 12 मिनट तक है उसके बाद से रेवती नक्षत्र शुरू होगा। इंद्र योग को शुभ और सुख-सुविधाओं में वृद्धि वाला माना जाता है। सोमवती अमावस्या के दिन व्रत रखकर शिव और पार्वती की पूजा करने से सभी संकट दूर होते हैं और पाप से मुक्ति मिलती है। इसके साथ ही वैवाहिक जीवन की समस्याएं दूर होती हैं। सोमवती अमावस्या पर स्नान और दान करने से पितर खुश होते हैंए तर्पण करने से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
