मीराबाई चानू ने भारत को दिलाया पहला मेडल

टोक्यो। टोक्यो ओलिंपिक में भारत ने पहला मेडल जीत लिया है। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने महिलाओं की 49 किलोग्राम वेट कैटेगरी में कुल 202 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता। चीन की होउ जिहूई ने 210 किलोग्रम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता। इंडोनेशिया की कैंटिका विंडी ने ब्रॉन्ज जीता।
दूसरी ओर भारतीय शूटर सौरभ चौधरी 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के फाइनल में सातवें स्थान पर रहे। सौरभ 6 सीरीज के क्वालिफाइंग राउंड में 600 में से 586 अंक हासिल कर पहले स्थान पर रहे थे, लेकिन फाइनल में वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर मीराबाई को बधाई दी और खुशी जाहिर की। मीराबाई के भाई नवीन ने बताया कि उनका पूरा परिवार और पूरा गांव बहुत खुश है और गर्व महसूस कर रहा है। नवीन ने बताया कि उनके गांव के सभी लोग मीराबाई को लाइव देख रहे थे। नवीन ने ये भी बताया कि किस तरह मीराबाई ने कोरोना काल में भी रोजाना 5-6 घंटे की मेहनत की थी।
इस मौके पर केंद्रीय कानून मंत्री और पूर्व खेल मंत्री किरण रिजिजू ने मीराबाई को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने जो वादा किया था उसे पूरा किया। किरण रिजिजू ने कहा कि मीराबाई चानू ने पहले ही दिन ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर देशभर में उत्साह बढ़ाया है। देशभर के लिए बहुत गर्व की बात है। मैं उनको बधाई देना चाहता हूं। मीराबाई चानू बहुत ही मेहनती लड़की हैं। उन्होंने मेडल जीतने का वादा किया था और उसे पूरा किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.