लीड्स में पराजित हुई भारतीय टीम

नई दिल्ली। भारतीय टीम को लीड्स में सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच में चौथे ही दिन शनिवार को पारी और 76 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। मुकाबले में भारत की दूसरी पारी 278 रन पर सिमट गई और इंग्लैंड ने मैच को पारी और 76 रन से अपने नाम कर लिया। भारत की पहली पारी मात्र 78 रन पर ढेर हो गई थी जिसके बाद इंग्लैंड ने 432 रन बनाकर 354 रन की बढ़त हासिल की थी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने 5 मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी भी कर ली है। सीरीज का चौथा टेस्ट मैच लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर 2 सितंबर से खेला जाएगा।
तीसरे दिन नाबाद लौटे चेतेश्वर पुजारा और कप्तान विराट कोहली से भारतीय फैंस को काफी उम्मीदें थीं लेकिन दोनों ही बल्लेबाज चौथे दिन के पहले ही सेशन में पैवेलियन लौट गए। पुजारा शतक से चूक गए और 91 रन बनाकर ओली रॉबिन्सन का शिकार बन गए। उन्होंने विराट के साथ तीसरे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। पुजारा ने 189 गेंदों का सामना किया और 15 चौके लगाए। इसके बाद विराट ने अपने टेस्ट करियर का 26वां अर्धशतक पूरा किया लेकिन वह भी 55 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए।
विराट कोहली (55) को रॉबिन्सन ने जो रूट के हाथों कैच करा दिया और भारत का चौथा विकेट 237 के टीम स्कोर पर गिरा। विराट ने 125 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 55 रन बनाए, हालांकि उन्हें इससे थोड़ी देर पहले ही जीवनदान मिला। उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 10 रन बनाए और उनके आउट होते ही भारत का स्कोर 5 विकेट पर 239 रन हो गया।
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत से काफी उम्मीद जताई जा रही थी लेकिन वह मात्र 1 रन बनाकर रॉबिन्सन की गेंद पर क्रेग ओवरटन को कैच थमा बैठे। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अंत में कुछ अच्छे शॉट लगाए और 30 रन बनाए, उन्हें क्रेग ओवरटन ने जोस बटलर के हाथों कैच कराया। जडेजा ने 25 गेंदों पर 30 रन की अपनी पारी में 5 चौके और 1 छक्का लगाया। इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में रॉबिन्सन ने कमाल का प्रदर्शन किया और 5 विकेट झटके। पहली पारी में 3 विकेट लेने वाले क्रेग ओवरटन ने दूसरी पारी में भी अच्छा प्रदर्शन किया और 47 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। जेम्स एंडरसन और मोईन अली को 1.1 विकेट मिला।

Leave A Reply

Your email address will not be published.